बदायूं/ सहसवान। लॉकडाउन के दौरान भवानीपुर खल्ली और भवानीपुर खैरू की महिला प्रधानों के पति क्वारंटीन खत्म होते ही गिरफ्तार जेल भेज दिए जाएंगे। पकड़े जाने के बाद से दोनों जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड में क्वांरटीन हैं। उनकी निगरानी को पुलिस लगी हुई है। ने सोमवार रात दोनों के के खिलाफ धारा 188, 269, आपदा प्रबंधन अधिनियम और महामारी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है।
11 अप्रैल को डीएम कुमार प्रशांत के आदेश पर भवानीपुर खल्ली की प्रधान नजरीन के पति सरफराज और भवानीपुर खैरू की प्रधान गुलनाज के पति मोअज्जम अली उर्फ जुगनू को हिरासत में ले लिया गया था। इसके एक दिन पहले भवानीपुर खल्ली में मिला आंध्र प्रदेश का एक युवक कोरोना संक्रमित मिला था। दोनों प्रधान पतियों पर आरोप था कि उन्होंने तेलंगाना की पांच महिलाएं और आंध्र प्रदेश के पांच पुरूषों को छिपाकर रखा था। इसके बारे में पुलिस और प्रशासन को सूचना नहीं दी थी। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के ये लोग दोनों प्रधानों के अलावा अन्य लोगों के घरों में रहे थे। इससे 11 अप्रैल को दोनों प्रधानों के पति को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल कोरोना वार्ड भेज दिया गया था। इसके दूसरे दिन दोनों के सैंपल लिए गए और जांच के लिए भेजे गए, जिसकी रिपोर्ट आना बाकी है। फिलहाल सोमवार रात डीएम के आदेश पर सरफराज और मोअज्जम अली उर्फ जुगनू के खिलाफ धारा 188, 269, आपदा प्रबंधन अधिनियम 51 और महामारी अधिनियम तीन के लिए रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया कि इस समय दोनों प्रधान के पति जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड में क्वारंटीन हैं। उनके सैंपल भी जांच को भेजे गए हैं। दोनों को क्वारंटीन की समय सीमा पूरी होने पर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बाद में उन्हें जेल भेजा जाएगा।
गैर प्रांतों के लोगों को रोकने और सूचना न देने के मामले में दोनों प्रधानों के पति मुख्य आरोपी थे। प्रधानों की पॉवर सीज कर दी गई है। तो वहीं उनके पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। क्वारंटीन खत्म होने के बाद दोनों को जेल भेजा जाएगा।
- कुमार प्रशांत, डीएम
दोनों महिला प्रधान पतियों के खिलाफ सचिवों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बाकी मामले की जांच कराई जा रही है। उनके खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जिसके आधार पर अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- अशोक कुमार त्रिपाठी, एसएसपी