बदायूं। जिला अस्पताल में लीवर की जांच की सुविधा भी शुरू हो गई है। इससे पहले यहां एलाइजा जांच की सुविधा भी शुरू हो चुकी है। अब तक जिले में एलाइजा जांच की सुविधा नहीं थी। डेंगू की पुष्टि के लिए संदिग्धों का एलाइजा जांच के लिए लखनऊ और बरेली भेजा जाता था। इसकी रिपोर्ट आने में कई दिन लगते थे। अब अस्पताल में ही एलाइजा जांच हो रही है।
जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में लगातार सुविधाओं में इजाफा हो रहा है। लीवर फंक्शन टेस्ट समेत कई अन्य जांचें भी शुरू हो गई हैं। लीवर की जांच के लिए एलएफटी सबसे महत्वपूर्ण होती है। अब तक लोगों को एलएफटी के लिए निजी लैबों का सहारा लेना होता था। वहां जांच भी महंगी होती थी। जिला अस्पताल में अब यह जांच शुरू हो गई है। दरअसल, लीवर संबंधी जांचों के लिए उपकरण तो पहले ही मिल गए थे, लेकिन एलएफटी शुरू नहीं हो सकी थी। सीएमएस डॉ. विजय बहादुर राम ने बताया कि अस्पताल में एक रुपये का पर्चा बनवाकर डॉक्टर की सलाह के बाद लीवर की जांच कराई जा सकती है।