बदायूं। ग्रीष्मकाल के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बदायूं सहित रुहेलखंड क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत दी है। यात्रियों की अतिरिक्त सुविधा के लिए 05344/05343 लालकुआं-वलसाड-लालकुआं ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेन के संचालन का निर्णय लिया गया है। यह विशेष ट्रेन पांच फेरों के लिए संचालित की जाएगी, जिससे बदायूं से गुजरात की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, 05344 लालकुआं-वलसाड ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेन 11 जून से 9 जुलाई 2026 तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को संचालित होगी। ट्रेन लालकुआं से सुबह 9 बजे रवाना होकर बरेली सिटी होते हुए दोपहर 12:15 बजे बदायूं रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। यहां से आगे कासगंज, मथुरा, भरतपुर, सवाई माधोपुर, कोटा, रतलाम, छायापुरी और सूरत होते हुए अगले दिन दोपहर 12 बजे वलसाड पहुंचेगी। वापसी दिशा में 05343 वलसाड-लालकुआं ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेन 12 जून से 10 जुलाई 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी।
यह ट्रेन वलसाड से दोपहर 3:25 बजे प्रस्थान कर सूरत, छायापुरी, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, भरतपुर, मथुरा और कासगंज होते हुए दूसरे दिन दोपहर 2:12 बजे बदायूं पहुंचेगी। इसके बाद बरेली सिटी होते हुए शाम 5:45 बजे लालकुआं पहुंचेगी।
18 कोचों के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस विशेष गाड़ी में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक जनरेटर सह लगेज यान, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी, छह शयनयान (स्लीपर), दो वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी, तीन वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी तथा एक एलएसएलआरडी कोच शामिल रहेगा। विभिन्न श्रेणियों के कोच होने से सभी वर्गों के यात्रियों को सुविधा मिल सकेगी।