बिजली विभाग ने जिले भर में अभियान चलाकर बिजली चोरी के 59 मामले पकड़े हैं। इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस दौरान 34 कनेक्शन काटे गए और 11.15 लाख रुपये की वसूली हुई। बिजली विभाग का चेकिंग अभियान 28 फरवरी तक चलेगा।
विद्युत वितरण खंड प्रथम, द्वितीय और बिसौली की टीमों ने बुधवार को भी जिले में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान उझानी में बिजली चोरी के 15 मामले पकड़े गए। यहां बकाया अदा न करने पर छह लोगों के कनेक्शन काट दिए गए। छह लोगों का विद्युत भार बढ़ाया गया, पांच नए कनेक्शन दिए और तीन मीटरों को बदला गया।
बिसौली में अभियान के दौरान 42 कनेक्शन चेक किए गए। यहां बिजली चोरी के दस मामले दर्ज कराए गए। बकाया अदा न करने पर 12 लोगों के कनेक्शन काट दिए गए। शहर में मालगोदाम रोड पर अभियान चला। यहां बिजली चोरी के पांच मामले पकड़े गए। बकाया अदा न करने पर पांच लोगों के कनेक्शन काट दिए गए। अभियान के दौरान पूरे जिले में बुधवार को 188 घरों में चेेकिंग की गई। चेकिंग अभियान अधीक्षक अभियंता अनूप चंद्रा, अधिशासी अभियता प्रथम खंड एके अग्रवाल, अधिकशासी अभियंता द्वितीय मुनीष चोपड़ा, अधिशासी अभियंता बिसौली एमसी सागर के निर्देशन में चला।