बिल्सी। मिर्जापुर शोहरा गांव में शराब की दुकान में घुसकर सेल्समैन पर जानलेवा हमले के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पीड़ित पक्ष ने चार लोगों को नामजद किया है।
मिर्जापुर शोहरा के ही रहने वाले डीपी सिंह का रिपोर्ट में कहना है कि 22 जून की शाम करीब 6:30 बजे उनके पिता पूरन सिंह गांव की सरकारी शराब की दुकान पर बिक्री का कार्य कर रहे थे। तभी बन्नी ढकपुरा गांव निवासी काकीरी, राजीस्टर, ओमबाबू और नितेश धारदार हथियार और लाठी-डंडे लेकर दुकान में घुस आए। उन्होंने अंदर पहुंचते ही हमला कर पूरन सिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया। भागते समय जान से मारने की धमकी दे गए। पिता पूरन का अब भी जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के पीछे प्लॉट को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश है। सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। संवाद