बदायूं। दातागंज कस्बा के वार्ड नंबर- 13 के मोहल्ला सड़क निवासी सौरभ गुप्ता और उनके भाई गौरव गुप्ता पर समझौते के लिए बुलाई गई बैठक में बरेली निवासी ससुराल पक्ष के लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि ससुराल पक्ष के एक व्यक्ति ने पिस्टल कनपटी पर तानी और उसकी बट से सौरभ का सिर फोड़ दिया। इस प्रकरण में पुलिस ने सौरभ की तहरीर पर उनकी पत्नी व ससुराल पक्ष के आठ लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमला सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पीड़ित सौरभ गुप्ता ने थाना दातागंज में तहरीर देकर बताया कि उसका विवाह करीब 2 साल पहले बरेली की मीरा की पैठ निवासी दीपिका गुप्ता उर्फ सलोनी के साथ हुआ था। रक्षाबंधन पर वह पत्नी को मायके छोड़कर आए थे। आरोप है कि रविवार सुबह पत्नी अपने भाइयों चंदन और अमन के साथ ससुराल पहुंची और बेवजह गाली-गलौज कर झूठे दहेज के केस में फंसाने की धमकी देकर एक साल के बच्चे को छोड़कर मायके चली गई।
इसी पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए सोमवार को सीताराम गुप्ता के मकान के ड्राइंग रूम में समझौता बैठक बुलाई गई थी। पीड़ित के अनुसार, बैठक में ससुराल पक्ष से सुरेश चंद्र गुप्ता, चंदन गुप्ता, अमन गुप्ता, गोल्डी गुप्ता, शादी कराने वाले मध्यस्थ पक्ष से राकेश गुप्ता व उनके दोनों बेटे केशव गुप्ता, विवेक गुप्ता मौजूद थे। उधर, पीड़ित सौरभ की ओर से उसका भाई गौरव गुप्ता और रिश्तेदार पूरनलाल गुप्ता बैठक में मौजूद थे।
आरोप है कि बातचीत के दौरान बरेली निवासी गोल्डी गुप्ता ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर कमर से पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सभी आरोपियों ने एकराय होकर सौरभ और उसके भाई गौरव को घेर लिया और लात-घूंसों से बुरी तरह पीट दिया। गोल्डी गुप्ता ने पिस्टल की बट से सौरभ के सिर पर वार कर दिया, जिससे सिर फट गया और खून बहने लगा।
मारपीट के दौरान गले में पहनी लगभग 15 ग्राम सोने की चेन भी टूटकर गुम हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। इसके बाद आरोपी जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हुए भाग निकले। दातागंज पुलिस ने पीड़ित सौरभ गुप्ता की तहरीर दीपिका गुप्ता उर्फ सलोनी, सुरेंद्र चंद्र गुप्ता, चंदन गुप्ता, अमन गुप्ता, गोल्डी गुप्ता, राकेश गुप्ता, केशव गुप्ता व विवेक गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दातागंज सीओ अशेष नाथ सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।