ग्रामीण प्रशिक्षण संस्थान में समूह की महिलाओं के साथ सीडीओ। स्त्रोत सूचना
बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) गामिनी सिंगला ने मंगलवार को लक्ष्मी नारायण ग्रामोद्योग विकास समिति, बिसौली की ओर से संचालित मानसिक मंदित आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्र, मीरा जी चौकी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय केंद्र में 16 बच्चे उपस्थित पाए गए।
निरीक्षण में भोजन निर्धारित मैन्यू के अनुसार नहीं बना था। बच्चों को खेल किट भी वितरित नहीं की गई थी। साथ ही संस्था की नर्स निशा और रघुवीर अनुपस्थित मिले। इस पर सीडीओ ने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को निर्देश दिए कि अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने संस्था प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा को खिड़कियों पर मच्छर जाली लगवाने, शौचालय में लाइट लगवाने और गुणवत्तापरक भोजन निर्धारित मैन्यू एवं मात्रा में समय से उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए। सीडीओ ने पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान का निरीक्षण किया। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दिए जा रहे ब्यूटीपार्लर के प्रशिक्षण का जायजा लिया। प्रशिक्षण की गुणवत्ता और महिलाओं की भागीदारी पर संतोष व्यक्त किया।