बिल्सी में टी-10 कि्रकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन करते दीपक चौहान। संवाद
बिल्सी। बदायूं बस स्टैंड के निकट मैदान में शुक्रवार से शुरू हुए टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच बिल्सी स्टार क्लब और लालू क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। इसमें लालू क्रिकेट क्लब ने रोमांचक मुकाबले में तीन विकेट से जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर लालू क्रिकेट क्लब के कप्तान रोहित शर्मा ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बिल्सी स्टार की टीम निर्धारित 10 ओवर में 76 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से सर्वाधिक रन रिशु ने 17 व इजाद ने 16 बनाए। मोजिम ने एक, सीबू ने 13, अजय ने दो और ओमेंद्र सिंह ने 10 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में लालू क्रिकेट क्लब के रोहित शर्मा, मोहित सिंह और इमरान ने एक-एक, जबकि करननाथ ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लालू क्रिकेट क्लब की टीम ने सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से सुमित ने तीन, रोहित शर्मा ने आठ, सचिन ने दो, इमरान ने चार और प्रशांत और करन नाथ ने 25-25 रन की शानदार पारी खेली। बिल्सी स्टार की ओर से गेंदबाजी करते हुए रिशु ने तीन, अथर और मोजिम ने एक-एक विकेट लिया। मैच में हरफनमौला प्रदर्शन के लिए करन नाथ को मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ दीपक चौहान ने फीता काटकर किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर राहुल, विशाल, रिजवान मलिक, इकरार अहमद, मिंटू सागर, बुमराह, अभिषेक शर्मा, वसीम कुरैशी, जीतू सैनी, समीर कादरी समेत कई क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।