बिल्सी। बदायूं बस स्टैंड के निकट मैदान पर चल रहे टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को अलमीर क्लब और लालू क्लब के मध्य क्वार्टर फाइनल मैच खेला गया। इसमें लालू क्लब ने अलमीर क्लब को 17 रनों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
लालू क्लब के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। उनके खिलाड़ियों ने धुआंधार पारी खेलते हुए निर्धारित 10 ओवर में नौ विकेट खोकर 113 रनों का विशाल स्कोर बनाया। इसमें टीम की ओर से शेखर ने पांच छक्का और पांच चौका की मदद से 55 रन बनाए। इसके अलावा रोहित भूरा ने 18, संजू ने 24, संजय यादव ने दो रन बनाए। वहीं, अलमीर क्लब की ओर से राहुल, अमन ने दो-दो, अजीम, चंद्रपाल ने एक-एक और शाहिल बुमराह ने तीन विकेट लिए।
इसके बाद 114 रनों का लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरी अलमीर क्लब ने 10 ओवर में नौ विकेट खोकर 96 रन बनाकर आउट हो गई। इसमें ज्ञानेंद्र कुमार ने पांच, लालू ने आठ, धर्मेंद्र कुमार ने 17, अमन ने 18, कैफ ने 10 और चंद्रपाल ने चार रन बनाए। लालू क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए शेखर और रोहित शर्मा ने एक-एक, संजू और करन नाथ ने तीन-तीन विकेट लिए। इस प्रकार लालू क्लब को 17 रनों से विजयी घोषित किया गया। टीम की ओर से बेहतरीन प्रदर्शन पर राहुल कुमार को मैन ऑफ द मैच दिया गया। इस मौके पर विशाल ठाकुर, मंयक जैन, इकरार अहमद, मोहित फौजी, वसीम कुरैशी, अयान सिद्दीकी, सुरेंद्र सिंह, संजय कुमार, जीतू सैनी, समीर कादरी आदि मौजूद रहे।