बदायूं। शहर के लालपुल इलाके में रविवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब युवकों के दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते मामला ताबड़तोड़ फायरिंग तक पहुंच गया। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
बताया जा रहा है कि किसी पुराने विवाद को लेकर एक ही बिरादरी के दो गुटों के युवक आमने-सामने आ गए। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक गुट ने दूसरे गुट के युवकों की पिटाई कर दी, जिसके बाद दूसरे पक्ष ने आक्रोश में आकर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में भगदड़ मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अधिकांश युवक मौके से भाग चुके थे। हालांकि पुलिस ने एक युवक को मौके से पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। घटना के बाद लालपुल और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि मामले की जानकारी की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।