जहरखुरानी का हुआ शिकार मजदूर दीपक
बदायूं। पुरानी दिल्ली से मजदूरी कर सोमवार रात घर लौट रहे थाना क्षेत्र के गांव चतुरी नगला निवासी दीपक पुत्र मोहर सिंह रोडवेज बस में जहरखुरानी का शिकार हो गया। इसके बाद चालक उसे रास्ते में उतारकर चला गया। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया है।
बस में ही दीपक को नशा देकर उसका मोबाइल फोन, बैग और जेब में रखे रुपए निकाल लिए। रात करीब 3.30 बजे दिल्ली हाईवे पर मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव मंगू नगला के पास रोडवेज बस ने नशे की हालात में मजदूर की उतार दिया।
मंगलवार तड़के ही राहगीरों ने नशे की हालात में पड़े युवक को देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मजदूर को उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भिजवाया, जहां जेब से निकले आधार कार्ड से हुई पहचान पर परिजनों को सूचना दी गई। इधर इस तरह की घटनाओं में बस चालकों के प्रति जनता में आक्रोश है कि जहरखुरानी के शिकार व्यक्ति को सुनसान जगह पर उतार देते हैं।