एफआईआर कराने को डीएसओ ने डीएम से डीएसओ ने अनुमति
दातागंज तहसील क्षेत्र के तीन गांवों के राशन कोटेदारों के यहां डीएसओ ने टीम भेजकर जांच कराई। जांच में तमाम अनियमितताएं पाए जाने पर तीनों कोटेदारों का निलंबन तय माना जा रहा है, जबकि दो के खिलाफ एफआईआर किए जाने की आशंका है। पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने एफआईआर के लिए डीएम से अनुमति मांगी। डीएम का आदेश मिलते ही एफआईआर हो जाएगी।
डीएसओ के आदेश पर पूर्ति निरीक्षक संतोष श्रीवास्तव और प्रदीप सिंह यादव ने दातागंज ब्लॉक क्षेत्र के गांव सैंजनी की अनीता गुप्ता के राशन कोटे की जांच की। वहीं, पूर्ति निरीक्षक राहुल गुप्ता और पूर्ति लिपिक चिरौंजी लाल ने पुरैनी गांव के कोटेदार दिनेश के यहां पर जांच की, जबकि पूर्ति निरीक्ष्क तरमीम अहमद और संजय कुमार चौधरी ने समरेर ब्लॉक के गांव मुझियाना की कोटेदार जन्नती बेगम के राशन कोटे की जांच की। इन तीनों राशन कोटे पर कई अनियमितताएं पाई गईं। इस बारे में डीएसओ रामेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जन्नती बेगम का राशन कोटा निलंबित किया जाएगा। अनीता गुप्ता और दिनेश का राशन कोटा निलंबित होने के साथ ही उन पर एफआईआर भी कराए जाने की तैयारी है। इसके लिए डीएम से अनुमति लेने के लिए प्रपत्र भेजे गए हैं।