शोबी को आबिद के बाहर होने का फायदा
शहर विधायक आबिद रजा खां की सपा से बगावत का लाभ फखरे अहमद शोबी को टिकट के रूप में मिला है। बुधवार को जैसे ही शोबी को सपा प्रत्याशी घोषित किया गया, उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। समर्थकों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया। शोबी बुधवार को शहर में नहीं थे लेकिन उनकी ओर से परिवार वालों ने लोगों की बधाई ली। इससे पहले शहर बदायूं सीट पर वह बसपा और कांग्रेस से चार बार चुनाव लड़ चुके हैं, इस बार सपा से टिकट मिलने से उनको जीत की उम्मीद है। उनके प्रत्याशी बनने के बाद शहर विधायक आबिद रजा की सपा में वापसी के कयासों को फिलहाल तो विराम लग गया है। अभी तक उनकी वापसी की अटकलें लगाई जाती रहीं। पिछले दिनों लखनऊ में सपा के मंच पर नजर आने और एक कबीना मंत्री से उनकी नजदीकी से माना जा रहा था कि सपा में वह वापसी कर सकते हैं। शोबी के प्रत्याशी बनने के बाद आबिद रजा को लेकर संशय की स्थिति बन गई। अब वह किस दल से चुनाव मैदान में आएंगे, यह फिलहाल साफ नहीं है।
उदयवीर का टिकट कटने के पहले ही थे आसार!
उझानी (बदायूं)। बिल्सी विधानसभा सीट से उदयवीर शाक्य का टिकट कटना लोगों के लिए अप्रत्याशित नहीं है। सूत्रों के अनुसार पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल जिस मजबूती से सांसद धर्मेद्र यादव के जरिए अपनी पैरवी कर रहे थे, उससे खुद उदयवीर के समर्थकों को भी उनका टिकट कटने के आसार नजर आने लगे थे। हालांकि बुधवार को टिकट कटने के बाद उन्होंने इस पर प्रतिक्रिया भी नहीं दी। उनके मोबाइल की कॉल बेटे यशपाल शाक्य ने रिसीव की और कहा कि पापा घर पर नहीं हैं। टिकट कटने पर यशपाल ने कहा कि यह तो पहले ही पता लग गया था। इसमें अचरज वाली कोई बात भी नहीं है।