कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में बृहस्पतिवार को किसान मेला और कृषक गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें किसानों को खेती करने की सरल विधियां समझाई गई। इस अवसर पर किसानों को उनकी समस्याओं के समाधान करने के लिए डीएम ने भरोसा दिया।
मेला पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुआ। मेले का उद्घाटन डीएम शंभूनाथ ने फीता काट कर किया। इसके बाद उन्होंने मेले में लगी खेती-किसानी संबंधी सरकारी प्रदर्शनियों को देखा। डीएम वैज्ञानिकों के साथ टपक विधि से सिंचाई और जैव नियंत्रण प्रयोगशाला भी देखने गए। फसल प्रदर्शनी इकाई, मृदा परीक्षण प्रयोगशाला और मुर्गी पालन केंद्र का निरीक्षण किया। कृषक गोष्ठी में डीएम ने किसानों की समस्याओं को सुना और अधीनस्थों को हल करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि किसानों को ऋण से लेकर कृषि संबंधी मामलों में किसी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
लखनऊ से आए सीमैप के वैज्ञानिक डॉ. सौदान सिंह और डॉ. संजय सिंह ने किसानों से कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। कृषि वैज्ञानिकों में केंद्र के प्रोग्राम कोआर्डीनेटर आरपी सिंह, डॉ. यशपाल सिंह, डॉ. संजय कुमार, डॉ. अर्जुन सिंह और डॉ. श्रीपाल सिंह ने किसानों को खेती करने के नये तौर तरीके समझाए। डॉ. फूलचंद्र ने मृदा परीक्षण को आवश्यक बताया। डिप्टी डायरेक्टर एसएन मिश्रा और डीपीआरओ राजेश यादव ने भी खेत-खलिहान पर चर्चा की। सांसद प्रतिनिधि अवधेश यादव ने सांसद की ओर चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस मौके पर तमाम किसान मौजूद थे।