सहसवान(बदायूं)। जिले में खाद का संकट अभी खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। प्राइवेट दुकानों पर या फिर इफको के केंद्र सभी जगह एक ही जैसे हालात है। हर जगह किसानों की लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई हैं। वहीं खाद नहीं मिल पाने से नाराज किसानों ने सहसवान के अकबराबाद चौराहे के पास हाईवे पर जाम लगा दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतार लग गईं। करीब आधा घंटे बाद में पुलिस ने जाम खुलवाया।
यूरिया की किल्लत से जूझ रहे किसानों की समस्या अभी बरकरार है। जिला प्रशासन की तमाम कोशिशों के बाद भी खाद की कमी नजर आ रही है। क्योंकि अगर खाद पर्याप्त मात्रा में होती, तो अब तक दुकानों, इफको सेंटरों से किसानों की लंबी लाइन खत्म हो चुकी होतीं, लेकिन ऐसा अब तक नहीं हो पा रहा है। हालात यह है कि किसान सुबह से ही खाद मिलने की उम्मीद में दुकानों पर लाइन लगा लेते हैं और न मिलने पर शाम को मायूस लौट जाते हैं। रविवार को भी किसान खाद लेने के लिए बदायूं-मेरठ हाईवे स्थित अकबराबाद चैराहा स्थित दुकानों पर पहुंचे थे, लेकिन वहां उपलब्ध न होने से उनमें आक्रोश फैल गया। गुस्साए किसानों ने हंगामा करने के साथ ही हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब आधा घंटे लगे जाम में सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम लगा रहे किसानों का समझाया, लेकिन किसान किसी की सुनने के लिए तैयार नहीं थे। उनका कहना है कि खाद नहीं मिलने से उनकी फसल खराब हो रही है, लेकिन अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। तब पुलिस ने खाद दिलवाने के आश्वासन दिया। इस पर किसानों ने जाम खोल दिया। इसके बाद में यातायात सुचारु हो सका।
रुदायन में खाद को लेकर हुई धक्का-मुक्की
-रुदायन में रविवार को खाद वितरण की सूचना मिलते हैं। रुदायन समेत आसपास के गांव के लोग खाद लेने के लिए दुकान पर पहुंचे। वहां किसानों की दुकान के पास लंबी-लंबी लाइन लग गईं। हालात यह थी कि पहले खाद लेने के चक्कर में किसानों में आपस में कई बार धक्का मुक्की तक हो रही। हालांकि भीड़ को देखते हुए वहां पर पुलिस मौजूद रही।
जिला कृषि अधिकारी ने दुकानों पर मारा छापा
-जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार ने बिल्सी, रुदायन, ओरछी आदि जगहों को देखा। इस दौरान दुकानों पर निर्धारित रेट पर खाद का वितरण होता पाया। साथ ही संबंधित अधिकारी भी दुकानों पर तैनात मिली।