बदायूं के कछला गंगा घाट से जल भरकर शाहजहांपुर के देवकली मंदिर जा रहे कांवड़िये की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसका चचेरा भाई भी घायल हो गया। हादसा अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया।
विज्ञापन
अलापुर थाना क्षेत्र के गांव रमनगला रूपामई निवासी 26 वर्षीय सतीश शनिवार को अपने साथियों के साथ कांवड़ लेने के लिए उझानी क्षेत्र के कछला गंगा घाट गया था। रविवार सुबह सतीश अपने चचेरे भाई समेत अन्य साथियों के साथ दो बाइकों से कांवड़ लेकर शाहजहांपुर स्थित पटना देवकली मंदिर में जल चढ़ाने जा रहा था।
स्कूल के पास हुआ हादसा
बदायूं-उझानी मार्ग पर जीडी गोयंका स्कूल के आगे सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। हादसे में सतीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया।
विज्ञापन
सूचना मिलने के बाद उझानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजा। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। हादसे की जांच की जा रही है।