देश विरोधी नारे लगाने के आरोप में दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए जवाहर लाल यूनीवर्सिटी के छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी के विरोध में जिला कौसिंल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और किसान सभा ने गुरुवार को धरना-प्रदर्शन किया। कन्हैया को रिहा करने की मांग को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
मालवीय आवास पर हुए धरना-प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन के नेता रामप्रकाश कोरी ने कहा कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है, तब से देश के अंदर सांप्रदायिक माहौल पैदा हो गया है। देश का भगवाकरण किया जा रहा है। किसान मजदूर के हक को किनारे कर जनता को धार्मिक उन्माद में घसीटने के प्रयास किए जा रहे हैं। जेएनयू के एआईएसएफ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को बगैर सबूत के गिरफ्तार करा दिया, जो तरीका गलत है। राष्ट्रद्रोह का मुकदमा नहीं लगाना चाहिए। देश में बेवजह अफरातफरी और सांप्रदायिकता का माहौल पैदा करने की कोशिश की जा रही है।
भाकपा के सचिव ब्रजभान सिंह ने कहा कि कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी अभिव्यक्ति की आजादी पर कुठाराघात है। उसे बिना शर्त रिहा किया जाए। अन्य वक्ताओं ने भी कन्हैया कुमार को रिहा करने की जोरदार मांग की। इस मौके पर किसान सभा के अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह, सुखलाल भारती, राकेश सिंह, सुरेंद्र सिंह, लोकतंत्र सेनानी, यादराम यादव, छेदालाल कश्यप, जितेंद्र सिंह, सुवेंद्र सिंह आदि थे।