दो साल पहले जयवीर बन गया था नफीस अहमद
हवन-पूजन के साथ हिंदू महासभा ने कराई घर वापसी
करीब दो साल पहले इस्लाम को कुबूल करने वाले मूसाझाग थाने के गांव मझारा निवासी जयवीर सिंह ने मंगलवार को परिवार सहित हिंदू धर्म फिर अपना लिया। अखिल भारत हिंदू महासभा की ओर से डीएम रोड स्थित सतेती हाउस पर वैदिक शुद्धि संस्कार और हवन-पूजन के साथ जयवीर की घर वापसी कराई गई। हिंदू महासभा के प्रदेश संयोजक मुकेश पटेलन ने कहा कि सनातन धर्म छोड़कर दूसरा धर्म अपनाने वालों की घर वापसी का अभियान जारी रहेगा।
मूसाझाग के गांव मझारा निवासी जयवीर सिंह पुत्र बादाम सिंह ने मार्च 2014 में मुस्लिम धर्म अपना कर अपना नाम नफीस अहमद कर लिया था। इसके बाद उसने तलाकशुदा महिला शरीफन से मुस्लिम रीति रिवाज से विवाह कर लिया। शरीफन के दो बच्चे पहले से थे। दो बच्चे जयवीर से पैदा हुए। बतौर पिता सभी की देखभाल वही कर रहा था। बकौल जयवीर दूसरा धर्म अपनाने के बाद उसके सामने कई परेशानियां आईं। नाते रिश्तेदारों ने उसका सहयोग नहीं किया। उसका एक प्लाट भी छीन लिया गया। इससे उसका मोहभंग हो गया।
मंगलवार को जसवीर ने मुस्लिम धर्म छोड़कर फिर से हिंदू धर्म अपना लिया। वह फिर से नफीस अहमद से जयवीर सिंह बन गया। डीएम के नाम लिखे शपथ पत्र में उसने कहा है कि उसकी पत्नी को अब मुन्नी देवी, बेटों को राजू, दीपक, अजय और पवन के नाम से जाना जाए। हवन पूजन के दौरान अरविंद परमार एडवोकेट, सीमा चौहान, राहुल पटेल, शुभम अग्रवाल, मुनेंद्र प्रताप सिंह, जगपाल, आकाश शर्मा, शेखर कठेरिया आदि रहे।