बदायू। अमर ज्योति यूनिवर्स निधि लिमिटेड कंपनी में मेहनत की कमाई गंवाने वाले निवेशक बुधवार को सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे। महिलाओं ने रो-रोकर दुखड़ा सुनाया। काेई मकान बनवाने के लिए ताे कोई बच्चों की पढ़ाई के लिए पैसा जोड़ रहा था। सभी निवेशकाें ने राशि वापस दिलाने की गुहार लगाई।
अमर ज्योति यूनिवर्स निधि लिमिटेड कंपनी के भाग जाने के बाद से निवेशकों में अफरातफरी है। निवेशक अपनी जमा-पूंजी वापस पाने के लिए कभी नेताओं के दरवाजे पर तो कभी अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं।
मंगलवार को जहां 300 से अधिक निवेशक एसएसपी कार्यालय पर तहरीर लेकर पहुंचे तो बुधवार को भी इसी तरह सैकड़ों निवेशक सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता के आवास पर पहुंचे। महिलाओं ने रो-रोकर अपना-अपना दर्द बयां किया।
रामवती ने बताया कि उसने बेटी की शादी के लिए मेहनत-मजदूरी कर रुपये जमा किए थे। जुलाई में बेटी की शादी होनी थी। जून में किताब पूरी हो जाती तो दो लाख रुपये का भुगतान मिल जाता। अब शादी करना मुश्किल हो गया है। इसी तरह सभी ने अपनी समस्या बताते हुए राशि वापस दिलाने की सदर विधायक से गुहार लगाई। जिस पर विधायक परेशान लोगों को साथ लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचे।
एसएसपी के सामने भी सभी अपना दर्द बयां किया। जिस पर एसएसपी ने आश्वासन दिया कि उनका पैसा वापस कराया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है और भी जिसे रिपोर्ट दर्ज करवानी है तहरीर कोतवाली में जाकर दे दे। आरोपियों की गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
घरों पर ताले, एजेंटों का अता-पता नहींशहर में कंपनी के सौ से अधिक एजेंट हैं, जिन्होंने रिश्तेदारों और आसपास के लोगों का करोड़ों रुपया कंपनी में जमा कराया। पांच साल में दोगुनी राशि करने का प्रलोभन देकर एफडी की गईं, बैंक के मुकाबले दो साल पहले ही राशि दोगुनी हो रही थी, ऐसे में सैकड़ों लोगों ने अपनी राशि का निवेश किया। कई लोग तो 15 साल से राशि का निवेश करते आ रहे थे। अब उनकी राशि जमा करने वाले एजेंट ही घरों पर ताले डालकर नदारद है। ऐसे में निवेशकों को समझ नहीं आ रहा कि वे क्या करें।
मुकदमे में 20 निवेशकों को किया गया शामिल
पहले दिन एक निवेशक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब 20 अन्य निवेशकों की तहरीर को भी मुकदमे में शामिल कर लिया गया है। जितने भी निवेशक रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे रहे हैं, उनके बयान दर्ज करते हुए पर्चा काटकर उनको वादी बनाया जा रहा है।
निवेशकों का दर्द
मजदूरी करके जमा की थी राशि
मेहनत-मजदूरी कर 1.25 लाख रुपये फाइनेंस कंपनी में जमा किए थे। बेटी की शादी तक 2.50 लाख रुपये हो जाते लेकिन कंपनी के भाग जाने के बाद पूरी कमाई डूब गई है। अब राशि वापस पाने के लिए परेशान होकर एसएसपी कार्यालय आए हैं।
-शना, मोहल्ला हकीमगंज
बेटी की शादी के लिए जमा की थी राशि
एक-एक रुपया जोड़कर बेटी की शादी के लिए राशि जमा कर रहे थे। रोजाना तीन सौ रुपये किताब में जमा करते थे। सोचा था कि रुपये जमा हो जाएंगे तो बेटी की शादी अच्छे से हो जाएगी। अब समझ नहीं आ रहा है कि बेटी की शादी कैसे होगी। पूरा परिवार सदमे में आ गया है। खाना तक नहीं खाया जा रहा है।
-आलिम, मोहल्ला खंडसारी
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता के साथ जो भी निवेशक आए थे, उनको आश्वासन दिया गया कि कंपनी निदेशकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। गरीबों का हक मारने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा।
-डॉ. बृजेश कुमार सिंह, एसएसपी
सदर विधायक के साथ एसएसपी कार्यालय में मौजूद निवेशक। संवाद
सदर विधायक के साथ एसएसपी कार्यालय में मौजूद निवेशक। संवाद