एसएसपी ने इस मामले की जांच सीओ उझानी को सौंपी है। बुधवार को सीओ उझानी व सीओ सिटी कादरचौक थाने पहुंचे। यहां के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई। 21 जून को किशोरी कहां-कहां गई और बैठी। कितने समय तक वह थाने के अंदर रही। किसके साथ रही। इन सब बिंदुओं पर जांच की गई है।
एसआई के साथ तमिलनाडु गई महिला कांस्टेबल पूजा ढाका व कांस्टेबल मोहित कुमार के भी बयान दर्ज किए गए। उनसे ट्रेन में किशोरी किसके साथ थी, इस बारे में बयान लिए गए। अधिकारियों ने एसआई के कमरे का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ट्रांसफर के बाद शाहजहांपुर जा चुके एसआई से भी संपर्क कर बदायूं आकर बयान दर्ज कराने को कहा।
यह भी पढ़ें- UP: ट्रेन में छेड़खानी... थाना परिसर में किया दुष्कर्म, बदायूं में अपहृत किशोरी ने दरोगा पर लगाए गंभीर आरोप
सीओ उझानी डॉ. देवेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष ने अभी तहरीर नहीं दी है। एसआई पर लगे आरोप संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। थाने के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच व दो पुलिस कर्मियों के बयान दर्ज किए गए हैं। जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
बरेली की एसपी दक्षिणी ने दर्ज किए किशोरी के बयान
डीआईजी बरेली अजय साहनी के निर्देश पर बुधवार शाम बरेली की एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा कादरचौक थाने पहुंची। उन्होंने किशोरी के बयान दर्ज किए। पीड़िता ने तमिलनाडु से लेकर थाने तक एसआई के व्यवहार के बारे में बताया। अधिकारियों ने सभी के बयान अलग-अलग बैठाकर दर्ज किए है। करीब एक घंटे तक सभी से जानकारी ली गई। एसपी अंशिका वर्मा ने बताया कि उन्होंने पीड़िता के गोपनीय बयान दर्ज किए है। वह अपनी रिपोर्ट डीआईजी को सौपेंगी।
ढाई लाख रुपये में बेचने का आरोप
किशोरी के परिजनों ने ममता और पप्पू पर आरोप लगाया कि उसने मुज्जकिर के हाथ उनकी को ढाई लाख रुपये में बेटी बेचा था। पुलिस ने आरोपी मुज्जकिर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि पप्पू और ममता की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस मामले में सामाजिक संगठनों ने मामला दूसरे समुदाय का होने के कारण आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर थाने का घेराव किया था। आरोप है कि पप्पू को बचाने में पुलिस जुटी है।
बरेली रेंज के डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि कादरचौक थाने में एक दरोगा पर उसी क्षेत्र की किशोरी ने आरोप लगाया है। इसकी जांच के लिए महिला आईपीएस अधिकारी को भेजा गया था। उनसे सभी बिंदुओं पर जांच रिपोर्ट तलब की गई है, महिला अधिकारी की रिपोर्ट और वस्तुस्थिति के आधार पर आगे की कार्रवाई के बारे में निर्णय लिया जाएगा।