फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंतरराज्यीय बावरिया गिरोह का बदमाश दबोचा, व्यापारी और ड्राइवरों से लूट का माल बरामद

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं/उझानी। एसओजी, सर्विलांस टीम और कोतवाली पुलिस की कार्रवाई के दौरान बृहस्पतिवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। मुठभेड़ में एक बदमाश भाग गया लेकिन उसके साथी को पुलिस ने दबोच लिया। पकड़ा गया बदमाश जगदीश हरियाणा के बावरिया गिरोह का सदस्य है।
विज्ञापन

एसएसपी संकल्प शर्मा ने शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में खुलासा करते हुए बताया कि बदमाशाें ने बरेली, बदायूं, आगरा, बुलंदशहर आदि में लूट, डकैती और जानलेवा हमले की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। पकड़े गए बदमाश समेत उसके फरार साथी पर मथुरा के नौहझील क्षेत्र में हुई लूट की घटना के बाद आगरा के एडीजी ने एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था। पुलिस ने उसके पास से इलाके में हुईं लूट की दो घटनाओं का माल बरामद किया है।
बताया कि पकड़ा गया बदमाश हरियाणा के फरीदाबाद जिले में करौली थाना क्षेत्र के गांव तिगांव निवासी जगदीश उर्फ जुगनू पुत्र रामपाल बावरिया है। बदमाश ने साथियों के साथ दिसंबर-20 में वितरोई के पास बिल्सी निवासी कार सवार व्यापारी आदित्य माहेश्वरी और उनके परिजनों से लूट समेत बरेली-मथुरा हाईवे पर जिरौलिया के पास दो पिकअप के ड्राइवरों और हेल्परों से लूट की घटना को अंजाम दिया था। बृहस्पतिवार देर रात में सूचना पर पुलिस ने बाइक सवार दो बदमाशों का वितरोई के पास पीछा किया। बदमाशों में से एक ने पुलिस पर फायर भी किया लेकिन जवाबी कार्रवाई के दौरान बाइक सड़क किनारे छोड़कर दोनों जंगल में भाग गए। इस दौरान पीछा कर बदमाश जगदीश को दबोच लिया गया लेकिन उसका साथी भाग गया। जगदीश ने फरार साथी का नाम जयपाल पुत्र सुरेश बावरिया निवासी नफजगढ़, हरियाणा बताया है।
विज्ञापन

कई जिलों में बदमाशों पर दर्ज हैं लूट, डकैती के मामले
बावरिया गिरोह के सदस्य जगदीश और जयपाल ने आगरा, बरेली के सीबीगंज, मथुरा के नौहझील, बदायूं, बुलंदशहर में सदर, ककोड़, सलेमपुर, डिबाई, अलीगढ़ के जवां, अतरौली आदि में लूट, डकैती और जानलेवा हमले की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस ने जगदीश के पास से एक घड़ी, सोने के तीन कंगन, एक नेकलेस, दो कुंडल, पांच अंगूठी, चांदी का सिक्का, पाजेब, घटना में प्रयुक्त हथौड़ा, कीलें, बाइक और तमंचा बरामद किया है। फर्जी वोटर आईडी, आधार कार्ड और पैन कार्ड भी मिला। बरेली के बिथरी चैनपुर क्षेत्र में हुई घटना में लूटा गया दो मोबाइल फोन, दो जोड़ी कुंडल और 15 सौ रुपये भी बदमाश के पास मिले। बरामदगी के बाद जगदीश को पुलिस ने एसएसपी के सामने पेश किया। पुलिस का कहना है कि पिछले साल मथुरा के नौहझील क्षेत्र में लूट की घटना के बाद आगरा के एडीजी ने दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था। खुलासे के दौरान एसपी सिटी प्रवीण सिंह चौहान भी मौजूद रहे।
दो इंस्पेक्टर समेत 14 पुलिस कर्मी टीम में रहे शामिल
उझानी। बदमाशों की धरपकड़ में सर्विलांस टीम के प्रभारी रामगोपाल शर्मा, एसओजी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार, एसएसआई खुर्शीद अहमद, कछला चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार के अलावा पुलिस कर्मियों में विपिन कुमार, आरिफ, सचिन, सौरभ शुक्ला, लोकेंद्र सिंह, मनोज कुमार, अरविंद, अरमान, कुशंकात और धर्मेंद्र सिंह शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें