शासन स्तर से हाई अलर्ट आने के बाद न्यायालय की सघन चेंकिग करते सुरक्षा कर्मी
बदायूं। प्रदेश के विभिन्न न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को बदायूं जिला न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। शासन से हाईअलर्ट मिलने के बाद पुलिस, खुफिया एवं सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने न्यायालय परिसर के चप्पे-चप्पे की गहन जांच की। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
सुबह से ही न्यायालय परिसर के मुख्य प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की गई, वाहनों की भी तलाशी ली गई। कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा लिया।
सीओ सिटी राहुल पांडेय ने बताया कि शासन स्तर से जारी अलर्ट के अनुपालन में न्यायालय में सुरक्षा दृष्टि के तहत चेकिंग की गई। सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध सामग्री या विस्फोटक नहीं मिला है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए है, किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है।
शासन स्तर से हाई अलर्ट आने के बाद न्यायालय की सघन चेंकिग करते सुरक्षा कर्मी