निर्माणाधीन बिल्सी बस अड्डे का निरीक्षण करतीं डीएम निधि श्रीवास्तव व एसएसपी। सोत-प्रशासन
बदायूं। डीएम निधि श्रीवास्तव एवं एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने शनिवार को बिल्सी में निर्माणाधीन बस अड्डे का निरीक्षण किया। डीएम ने ठेकेदार को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। बस अड्डे के अंदर मुख्य भवन में एक अधिकारी कक्ष एवं एक स्टाफ कक्ष बनेगा। साथ ही दो पुरुष एवं दो महिला शौचालय बनेंगे।
बिल्सी वासियों की अर्से से चल रही बस अड्डे की मांग अब पूरी होने जा रही है। 24 सितंबर से बस अड्डे का निर्माण कार्य शुरू हुआ है। 23 जून 2025 तक निर्माण कार्य पूरा होना है। शनिवार को डीएम निधि श्रीवास्तव एवं एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने निर्माणाधीन बस अड्डे का निरीक्षण किया।
उन्होंने उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के ठेकेदार को बस अड्डे के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय से पूरा किया जाए। वहीं, डीएम ने यूपीपीसीएल के सहायक अभियंता रामहीत पटेल ने जानकारी ली।
उन्होंने बताया कि बस अड्डा करीब 2100 वर्ग मीटर क्षेत्र में बन रहा है। बस अड्डे के अंदर मुख्य भवन के अंदर एक अधिकारी कक्ष एवं एक स्टाफ कक्ष तैयार किया जा रहा है। तीन दुकानें भी बनाई जा रही हैं। यात्री प्रतीक्षालय एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अभी तक 40 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।