बीएसए ने की वेतन काटने की कार्रवाई, चेताया
बीएसए प्रेमचंद्र यादव ने शुक्रवार को विकास खंड सालारपुर के स्कूल चेक किए। यहां कई शिक्षक गैरहाजिर मिले। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए बीएसए ने वेतन काटने की कार्रवाई करते हुए गुणवत्ता सुधार की चेतावनी दी।
बीएसए ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय दराबनगर में इंचार्ज प्रधानाध्यापक सचिन सिंह व शिक्षिका साक्षी अनुपस्थिति थे। वहीं दो फरवरी के बाद मध्यान्न भोजन पंजिका में छात्रों की संख्या भी नहीं दर्शायी हुई पाई गई। उन्होंने नाराजगी जताते हुए बीईओ सालारपुर ो एक सप्ताह में एमडीएम संचालन की जांच के निर्देश देते हुए लापरवाह शिक्षकों का वेतन काटने की कार्रवाई की। वहीं प्राथमिक विद्यालय भांसी में भी शैक्षकि गुणवत्ता शून्य मिली। स्टाफ को चेतावनी दी गई। प्राथमिक विद्यालय सिरसाठेर में शैक्षिक गुणवत्ता ठीक मिली, लेकिन भवन की रंगाई पुताई न कराने पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण तलब किया। प्राथमिक विद्यालय दहेमी में सहायक अध्यापिका ज्योति सिंह बिना अनुमति के प्राथमिक विद्यालय दराबनगर में उपस्थिति देती हुई पाई गईं। इस पर बीएसए ने बीईओ व शिक्षिका से स्पष्टीकरण तलब किया। ब्लॉक संसाधन केंद्र सालारपुर पर गंदगी पाई गई। उन्होंने साफ-सफाई के निर्देश दिए।