कर्मचारी से कहासुनी के बाद स्टाफ और मरीज में मारपीट
सिविल लाइंस पुलिस ने पहुंच कर मामला शांत कराया
शहर में टंडन प्लाजा के पास स्थित एक नर्सिंगहोम में गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। दवा लेने पहुंचे एक युवक की स्टाफ से कहासुनी हो गई। उसने नर्सिंगहोम के एक कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद नर्सिंगहोम के स्टाफ ने मिलकर युवक की पिटाई कर दी। उस वक्त तो लोगों ने बीच-बचाव करा दिया।
कुछ देर के बाद वही युवक कई लोगों को लेकर फिर से नर्सिंगहोम पहुंचा। इन लोगों ने फिर से नर्सिंगहोम स्टाफ और डॉक्टर से मारपीट की। हंगामा बढ़ने पर किसी ने खबर सिविल लाइंस पुलिस को दे दी। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस जमीरुल हसन फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। इस दौरान मारपीट करने वाले कई युवक यहां से भाग चुके थे। पुलिस ने मामले को किसी तरह शांत कराया। पुलिस के मुताबिक देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज कराने को किसी की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी। इंस्पेक्टर जमीरुल हसन का कहना है कि तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।