जरीफनगर। घर के बाहर खेल रहे छह वर्षीय मासूम की ट्रैक्टर-ट्रॉले से कुचलकर मौत हो गई। बालक अपनी ननिहाल में बचपन से ही रहता आ रहा था। दर्दनाक मंजर देख मां की चीख निकल गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने शव पुलिस को देने से मना कर दिया। देर रात पिता के पहुंचने पर मां ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तहरीर दी।
ग्राम हसनपुर में गांव के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉले में बैठकर सुबह में गंगा स्नान करके लौट रहे थे। गांव में पहुंचने पर सभी लोग ट्रॉले से उतरकर अपने-अपने घरों को चले गए। करीब 7:30 बजे ट्रैक्टर चालक ट्रॉला खड़ा करने के लिए ले जा रहा था। ट्रैक्टर बैक करते समय घर के सामने खेल रहा प्रेमपाल का छह वर्षीय धेवता कार्तिक ट्रैक्टर के ट्रॉले के नीचे आकर कुचल गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कार्तिक की मां सामने ही खड़ी थी, अपने बच्चे के ऊपर पहिया चढ़ते देख वह बदहवास हो गई।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला। प्रेमपाल का धेवता कार्तिक बचपन से ही उन्हीं के यहां रह रहा था। पिता देव दिल्ली में नौकरी करते हैं। इधर, सूचना पर पहुंची जरीफनगर पुलिस ने शव के पंचनामा भरने की कार्रवाई करनी चाही, लेकिन परिजनों ने मना कर दिया। कहा कि जब तक बच्चे के पिता दिल्ली से नहीं आ जाते, तब तक वह बच्चे के शव को ले जाने नहीं देंगे। देर रात पिता के घर पहुंचने पर बच्चे की मां मिथिलेश ने पुलिस को घटना की तहरीर दी। कार्तिक तीन बहन-भाइयों में सबसे छोटा था। सबसे बड़ी बहन 11 और भाई नौ वर्ष का है।
तहरीर मिल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। - अशोक कुमार सिंह, सीओ सहसवान