जगत/अलापुर। बदायूं मंडी से सब्जी लेकर अलापुर की बाजार करने आ रहे कस्बा के सब्जी व्यापारियों के टेंपो को तेज गति से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें तीन में एक सब्जी व्यापारी की मौत हो गई, दो का इलाज जारी है। टेंपो में चालक समेत कुल छह लोग थे। बाकी दो व्यापारी टेंपो में चालक के अगल-बगल बैठे थे। टेंपो चालक और उसके पास बैठे दोनों व्यापारी सकुशल हैं। घटना के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है। अलापुर के सब्जी व्यापारी बदायूं मंडी से टेंपो में सब्जी भरकर अलापुर की बाजार करने आ रहे थे। संजरपुर मोड़, कंचनपुर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो की छत पर सब्जियों के ऊपर बैठे अलापुर निवासी तीन व्यापारी सर्वेश (45) पुत्र ओमप्रकाश, उमेश (39) पुत्र सोनपाल और शिवम (40) पुत्र राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। टेंपो की सब्जियां सड़क पर बिखर गईं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान सर्वेश ने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, टेंपो अलापुर थाना के गांव चितौरा निवासी प्रदीप चला रहा था। टेंपो में कुल पांच सब्जी विक्रेता थे। दो व्यापारी आशु (80) और अमन (40) चालक प्रदीप के अगल-बगल बैठे थे। ये तीनों ही इस दुर्घटना में बच गए।
सूचना देने के करीब आधा घंटा विलंब से पहुंची पुलिस ने हालात गंभीर देखते हुए एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान सर्वेश की मौत हो गई। दो और घायलों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
कस्बा अलापुर में जब इस घटना के बारे में पता लगा तो घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। जहां सर्वेश की मौत पर कोहराम मच गया। मृतक के मौसेरे भाई अतर सिंह ने बताया कि सर्वेश चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। इनके तीन बच्चों में एक बेटी और दो बेटे हैं, सभी नाबालिग हैं।
इधर, सीओ दातागंज राहुल पांडेय ने बताया कि दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर ट्रक चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टेंपो की टक्कर से डाक कर्मी घायल
उझानी। कस्बे में प्राइवेट बस स्टैंड के पास बुधवार दोपहर साइकिल सवार डाक कर्मी महेश पाल को पीछे से टेंपो ने टक्कर मार दी। वह लहुलुहान होकर गिर पड़े। उनकी साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर जुटे लोगों ने घायल डाक कर्मी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में प्राथमिक उपचार कराया। संवाद
कुट्टी मशीन में फंसकर किसान की मौत
दहगवां। थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव वस्तुइया में मंगलवार को घर पर पशुओं के लिए चारा काटते समय किसान सर्वेश (33) की कुट्टी मशीन में फंसकर मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। संवाद
ट्रक और टेंपो में टक्कर के बाद बिखड़ी सब्जियां। संवाद
ट्रक और टेंपो में टक्कर के बाद बिखड़ी सब्जियां। संवाद