(16 बीडीएन-15) कछला पीएचसी पर वृद्ध महिला का उपचार करती टीम।संवाद
बदायूं। सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से दर्द से कराहते हुए इलाज की आस में कई दिनों से भटक रही लावारिस महिला का इलाज करने के बजाय जिला अस्पताल से उसको वृद्धाश्रम कछला भेज दिया गया। वृद्धाश्रम के कर्मचारियों ने पीएचसी में इलाज कराने के बाद उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
बुधवार को कुछ सामाजिक कार्यकर्ता जिला अस्पताल में भटकने वाली महिला को इलाज के लिए डॉक्टरों के पास ले गए तो उन्होंने इलाज नहीं किया। बृहस्पतिवार सुबह चोटिल महिला को वृद्धाश्रम भेज दिया। ताकि कोई अस्पताल प्रबंधन से सवाल-जवाब न कर सके। वृद्धाश्रम में महिला के सिर से खून निकलता देख कर्मचारी उसे लेकर कछला पीएचसी पर पहुंचे। कछला पीएचसी प्रभारी डॉ. महेश प्रताप सिंह ने उसकी पट्टी की। इसके बाद महिला से नाम पता पूछा गया तो वह कुछ नहीं बता पाई। बाद में उसको राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. विजय बहादुर का कहना है कि वह बाहर हैं। जिला अस्पताल पहुंचने पर मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।