बदायूं। डिजिटल लेनदेन और ऑनलाइन गतिविधियों के बढ़ने के साथ साइबर अपराधों की चुनौती भी बढ़ रही है। ऐसे में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और ऑनलाइन ठगी के मामलों की जांच को गति देने के लिए चित्रांश नगर में नए अत्याधुनिक साइबर क्राइम थाने का उद्घाटन किया गया। सोमवार को एसएसपी अंकिता शर्मा ने फीता काटकर थाने का शुभारंभ किया।
उद्घाटन के मौके पर एसएसपी ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध बड़ी चुनौती बन चुके हैं। नए साइबर क्राइम थाने से ऐसे अपराधों की जांच को मजबूती मिलेगी। इस मौके पर एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, सहायक पुलिस अधीक्षक सुमेध मिलिंद जाधव, प्रतिसार निरीक्षक इंद्रजीत सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।