बिल्सी। गांव जिनौरा निवासी एक दिव्यांग बुजुर्ग ने गांव के ही तीन लोगों पर गाली-गलौज कर मारपीट करने और भाले से हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिनौरा निवासी कुंवरपाल सिंह ने बताया कि मंगलवार को वह घर से काम पर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान गांव के तीन लोगों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने भाले से भी वार किया। बीच-बचाव के लिए पहुंचे उनके भतीजे दीपक के साथ भी मारपीट की गई। घटना में कुंवर पाल सिंह और दीपक दोनों घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल भेजा। क्राइम इंस्पेक्टर बीके मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद