बदायूं। शादी कराने के नाम पर मैरिज ब्यूरो के संचालकों ने 40 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता ने कोर्ट के आदेश पर दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। आरोपी मैरिज ब्यूरो के संचालक बरेली के हैं।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शहवाजपुर निवासी अजय कांत सक्सेना ने बताया कि उसने अपनी शादी के लिए गौरी वर-वधू मैरिज ब्यूरो बरेली की प्रबंधक गौरी को आवेदन भेजा था। तब उसने अपनी असिस्टेंट रिद्धिमा सक्सेना से बात करने की बात कही। उससे बात की तो रिद्धिमा सक्सेना ने शादी कराने का आश्वासन देकर आधार कार्ड व फोटो देने को कहा।
इसके बाद फाइल तैयार करने के नाम पर पांच हजार रुपये भी ले लिए। इसी तरह ब्यूरो संचालक द्वारा अब तक 40 हजार रुपये ठगे जा चुके हैं। ठगी का एहसास होने के बाद उसने रुपये वापस मांगे तो आराेपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस को शिकायती पत्र दिया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। परेशान होकर उसने कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश पर दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
कोर्ट के आदेश पर वाहन चालक पर रिपोर्ट दर्ज
उझानी। बदायूं में चित्रांशनगर निवासी आशुतोष माहेश्वरी ने कोर्ट के आदेश पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि 22 नवंबर को वह पत्नी के साथ कहीं जा रहे थे। इसी दौरान उनके पास आकर एक वाहन रुका। वाहन का संतुलन बिगड़ते ही पत्नी सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। यह देख चालक अपना वाहन भगा ले गया। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से भी की, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। संवाद