उझानी। महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज के मैदान पर चल रहे खेल महोत्सव के तीसरे दिन बैडमिंटन के मुकाबले हुए। बालिकाओं को एकल और युगल मुकाबलों से पहले ही वॉकओवर देकर विजेता घोषित कर दिया गया। बालक वर्ग में वासु, सुम्मख और अमृतांश ने एकल में प्रथम स्थान पाया।
खेलकूद की शुरूआत सुबह 10 बजे हुई। एकल में सब जूनियर बालक वर्ग में गुन्नौर विधानसभा के वासु प्रथम, सहसवान क्षेत्र के दिव्य प्रताप द्वितीय और बिल्सी के धनंजय तृतीय रहे। जूनियर बालक में गुन्नौर के सुम्मख प्रथम, बदायूं के संतोष द्वितीय और सहसवान के उजैर द्वितीय रहे।
सीनियर वर्ग में सहसवान के अमृतांश प्रथम बिल्सी के अमित दीक्षित द्वितीय, बिसौली के आमिर तृतीय रहे। युगल के सब जूनियर बालक वर्ग में गुन्नौर के वासु और देव वार्ष्णेय, जूनियर में बदायूं के अंशुल और आदर्श, सीनियर वर्ग में सहसवान के अमृतांश और आर्यांश को विजेता घोषित किया गया।
इसके अलावा जिन बालिकाओं को वॉकओवर मिला, उनमें जूनियर एकल में गुन्नौर की हिना, बिल्सी की अंशू, सब जूनियर युगल में बिल्सी की अवंतिका और लक्ष्मी, सीनियर युगल में बिल्सी विधानसभा क्षेत्र से जोया अंसारी और शीतल को विजेता घोषित कर दिया गया। खेलकूद का दर्शकों ने भी लुत्फ उठाया।
एमजीपी ने संतोष कुमारी की टीम को 57 रन से हराया
संतोष कुमारी सरस्वती विद्या मंदिर कॉलेज की टीम ने टॉस जीतकर एमजीपी कॉलेज की टीम को बल्लेबाजी करने के लिए बुलाया। एमजीपी की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 238 रन बनाए। टीम के बल्लेबाजों में लकी शर्मा का प्रदर्शन शानदार रहा। लकी ने महज 34 गेंद में 129 रन बनाए। जवाब में संतोष कुमारी की टीम 181 पर ऑलआउट हो गई। टीम के दीपक ने 41 गेंद खेलकर 103 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए। मैच शुरू होने से पहले केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने दोनों टीम के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला भी बढ़ाया। इस मौके पर नगर अध्यक्ष सचिन अग्रवाल, योगेश प्रताप सिंह, राहुल शंखधार, किशनचंद्र शर्मा, अखिल अग्रवाल आदि मौजूद थे।