बदायूं के दातागंज थाना क्षेत्र के एक गांव में सात जून को 18 वर्षीय युवती की बरात आनी थी। घर में रिश्तेदार आ गए थे और तैयारियां बरात स्वागत की चल रही थीं। हलवाई पकवान बना रहे थे। इसी बीच सुबह करीब चार बजे युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई। यह भनक जब परिवार के लोगों को लगी तो बदनामी की वजह से किसी को बताया नहीं और चुपचाप उसकी तलाश करने लगे।
जब पता लगा कि उसको गांव का ही एक युवक अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गया है। तब पीड़ित ने थाना पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की है। वहीं लड़के पक्ष को भी पूरी जानकारी देकर बरात न लाने को कहा गया। लेकिन दोनों के घरों में रिश्तेदार आ चुके थे। बदनामी की वजह से दोनों पक्षों ने छोटी बेटी के साथ शादी करने की बात कही तो सहमति बन गई।
शाम को बरात आई लेकिन दुल्हन छोटी बेटी को बनाया गया। रविवार को उसकी बिदाई करने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। उधर पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया। युवती प्रेमी के संग जाने की जिद पर अड़ गई है। पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर उसके बयान दर्ज कराएगी। उसका रविवार को मेडिकल परीक्षण कराया गया है।