काफी समय से इंदिरा आवास निर्माण के बाकी राशि का इंतजार कर रहे गरीब लाभार्थियों के लिए अच्छी खबर है। इस योजना की लंबे समय से लटकी दूसरी किस्त 10 करोड़ की आधी राशि यानि पांच करोड़ रुपया शासन ने भेज दी है। इस राशि का वितरण प्राथमिकता के अनुसार एससी वर्ग के चयनित 1200 गरीब लाभार्थी में जल्द किया जाएगा। हालांकि योजना के लिए चयनित कुल लाभार्थियों की संख्या 2913 है, जिनमें से अभी बचे 1713 लाभार्थी को आखिरी किस्त के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
इस योजना के तहत चयनित गरीब को इंदिरा आवास निर्माण के लिए 70 हजार रुपया दिया जाना था। वर्ष 2014-15 में योजना के लिए चुने गए 2913 गरीबों को प्रति लाभार्थी 35-35 हजार रुपए पिछले वर्ष दिए गए। अफसरों के अनुसार वितरित की गई राशि से आवासों का आधा निर्माण हो गया था, जिसका सत्यापन कराने के बाद शासन से बची राशि की कुल किस्त 10 करोड़ रुपए मांगी गई थी। मांगी गई किस्त की आधी राशि पांच करोड़ रुपया शासन ने अब जाकर भेजी है। अफसरों का कहना है कि इस राशि को सबसे पहले अनुसूचित जाति के 1200 लाभार्थियों में वितरित किया जाएगा। इनकी पूर्ति के बाद अन्य वर्ग के लाभार्थियों को बची राशि बांटी जाएगी।
इंदिरा आवास के लिए दूसरी किस्त के रूप में मांगी गई 10 करोड़ की राशि में से पांच करोड़ डीआरडीए को प्राप्त हो चुके हैं। राशि का वितरण जल्द शुरू करेंगे।
- रामरक्षपाल सिंह, परियोजना निदेशक, डीआरडीए