लाइटेंशन लाइन से बुजुर्ग के झुलसने के बाद गुस्साए लोगों ने ककराला विद्युत सब स्टेशन पर धावा बोल दिया। कर्मचारियों से मारपीट करते हुए उपकेंद्र में तोड़फोड़ की। इस दौरान कर्मचारी किसी तरह से जान बचाकर भागे। घटना के बाद पूरा दिन उपकेंद्र में ताला लगा रहा। कर्मचारी वहां जाने को तैयार नहीं हैं।
कस्बा ककराला के वार्ड नंबर चार निवासी खलील खां (65) पुत्र रियासत खां का वार्ड नंबर 12 में विद्युत उपकेंद्र के पास प्लाट है। यहां निर्माण कार्य चल रहा है। गुरुवार को वह प्लाट से अपने घर जा रहे थे। रास्ते में काफी नीचे झूल रही हाईटेंशन लाइन ने खलील खां को अपनी चपेट में ले लिया। इससे वह गंभीर झुलस गए। परिवार वाले उनको आनन-फानन में जिला अस्पताल लाए। इधर, हाईटेंशन लाइन से बुुजुर्ग के झुलसने की खबर पर सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए।
बाद में इन लोगों ने विद्युत सब स्टेशन पर धावा बोल दिया। यहां मौजूद कर्मचारी अशोक, किशन पाल, असगर, होरी लाल, नरेंद्र के साथ मारपीट करते हुए उपकेंद्र में तोड़फोड़ कर दी। कर्मचारियों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद दिन भी कोई कर्मचारी उपकेंद्र पर नहीं गया। वहीं अस्पताल में भर्ती खलील खां की हालत गंभीर बनी हुई है।