संभागीय परिवहन कार्यालय के बाहर बैठने वाले दलालों को शुक्रवार सुबह बड़ा झटका लगा। एआरटीओ ने टीम के साथ पहुंचकर नगर पालिका की जेसीबी से दलालों के फड़ ध्वस्त करा दिए। कार्यालय खुलने पर दिन में 11 बजे जमा हुए लोगों ने फड़ ध्वस्त देखकर जमकर हंगामा किया। जिस पर सीओ सिटी वहां पहुंचे और लोगों को शांत किया।
संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन एनसी शर्मा ने एक महीने पहले अपने कार्यालय के बाहर बैठने वाले दलालों को वहां से हटने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद कई दलाल अपने फड़ लगाए रहे। आरोप है कि ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने, वाहनों का रजिस्ट्रेशन कराने आदि के नाम पर यहां मनमानी की जाती थी। इसमें एआरटीओ कार्यालय के कुछ कर्मचारियों की साठगांठ भी रहती थी। बुधवार को एआरटीओ प्रशासन एनसी शर्मा और एआरटीओ प्रवर्तन अमिताभ राय ने आनन-फानन में कार्यालय में कर्मचारियों के साथ बैठक कर फड़ हटाने की रणनीति बनाई। शुक्रवार सुबह पांच बजे टीम के साथ कार्यालय पहुंचकर नगर पालिका की जेसीबी बुला ली। इसके बाद रोड किनारे लगे दलालों के फड़, खोखे आदि ध्वस्त करा दिए। सुबह दस बजे कार्यालय खुलने पर रोड किनारे क्षतिग्रस्त पड़े फड़, खोखे देखकर दलाल हंगामा खड़ा करने लगे। हंगामे की सूचना पर सीओ सिटी वीरेंद्र सिंह यादव मौके पर पहुंचे और नाराज लोगों को शांत किया।