दहगवां में बैनर को लेकर हुए विवाद को निपटाती थाना पुलिस। संवाद
बदायूं। जरीफनगर थाना क्षेत्र के कस्बा दहगवां में शनिवार को एक मेडिकल स्टोर संचालक ने आई लव मोहम्मद का बैनर लगा दिया। बैनर लगाने के बाद वह दुकान बंद करके चला गया। यह देख नगर के लोगों ने हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैनर हटवाकर चार लोगों को हिरासत में लिया है। बाद में पुलिस ने उनको छोड़ दिया।
पुलिस ने मेडिकल संचालक से बैनर लगाने के बारे में जानकारी की तो भड़क गया। कहने लगा कि कस्बे में तमाम बैनर लगे, किसी को आपत्ति नहीं हो रही है। हमने लगा लिया तो क्या दिक्कत है? पुलिस से देर तक उसकी नोकझोंक हुई। संचालक ने बैनर हटाने से मना कर दिया। पुलिस ने बैनर को हटाकर चार लोगों को हिरासत में लिया और थाने ले गई। जांच के बाद पुलिस ने चेतावनी देकर चारों को छोड़ दिया।
पुलिस की सक्रियता बढ़ी
आई लव मोहम्मद के बैनर को लेकर लोग अफवाह फैला रहे हैं। इसी अफवाह को लेकर शनिवार को शहर में एसएसपी, डीएम ने पैदल गश्त की। शहर छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस ने मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई करने की हिदायत दी गई। पुलिस ने छह सड़का, बड़ा बाजार व भीड़-भाड़ वाले इलाके में दुकानदारों को सुरक्षा का एहसास कराया।
-
कोट,
जिले में आई लव मोहम्मद को लेकर पूरी तरह से शांति व्यवस्था कायम है। दहगवां में एक बैनर को लेकर मामला सामने आया था। हालांकि वहां समझाने के बाद बैनर को उतार लिया गया। इस तरह की दोबारा से हरकत न करने की हिदायत देकर छोड़ दिया गया। लोगों को लगातार जागरूक करने का काम किया जा रहा है। - डॉ. बृजेश कुमार सिंह, एसएसपी
दहगवां में बैनर को लेकर हुए विवाद को निपटाती थाना पुलिस। संवाद