प्रसव को जा रही महिला की एंबुलेंस में ही हालत बिगड़ी
शहर का लावेला चौक सोमवार को घंटों जाम की गिरफ्त में रहा। यहां ट्रैफिक पुलिस के नदारद रहने की वजह से लोगों को जाम से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गर्भवती को प्रसव के लिए ले जा रही एक एंबुलेंस भी जांच में फंस गई। महिला की एंबुलेंस में ही हालत बिगड़ने लगी। बाद में किसी तरह से एंबुलेंस को लोगों ने पास कराया।
शहर का लावेला चौक जाम के लिए जाना जाता है। यहां पर पांच अलग-अलग सड़कें मिलती हैं। डिवाइडर की व्यवस्था न होने की वजह से अक्सर यह चौराहा जाम की गिरफ्त में आ जाता है। कहने को यहां ट्रैफिक पुलिस की तैनाती है। लेकिन ट्रैपिक पुलिस का कोई सिपाही यहां नजर नहीं आता। यातायात की व्यवस्था को सुचारू रखने के नाम पर एक होमगार्ड को यहां लगा दिया गया है। होमगार्ड हालात पर काबू नहीं कर पाता। सोमवार को शहर के मोहल्ला चौधरी सराय के हनीफ की पत्नी शबाना को उसके परिवार वाले प्रसव पीड़ा होने पर एंबुलेंस से जिला महिला अस्पताल ले जा रहे थे। यह एंबुलेंस भी करीब आधा घंटा जाम में फंसी रही। शबाना की हालत बिगडने पर आस-पास के लोगों ने किसी तरह से एंबुलेंस को जाम से निकलवाया।