इसी मामले में दोनों भाइयों ने किया सरेंडर
यह मामला एचपीसीएल प्लांट के कर्मचारी के साथ मारपीट और जानलेवा हमले से जुड़ा है, जिसमें इन दोनों आरोपियों की भूमिका सामने आई थी। इस प्रकरण में पहले से ही अजय प्रताप सिंह, अभय प्रताप सिंह सहित उसके पांचों भाइयों के खिलाफ मूसाझाग थाने में 25 मार्च को केस दर्ज किया जा चुका है।
बोले आरोपी- हमारे साथ अन्याय हुआ
कोर्ट में सरेंडर करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का पुलिस लाइन स्थित अस्पताल में मेडिकल कराया। इसके बाद उनको पैदल ही चंद कदम दूर जेल ले जाया गया। जेल गेट पर मीडिया के सवालों पर केशव ने कहा कि इस मामले के बारे में हमारे वकील ही बताएंगे। वहीं चंद्रशेखर ने कहा कि अन्याय हुआ है। इसके बाद केशव ने उसे चुप रहने का इशारा किया और दोनों को जेल भेज दिया गया।
जेल पहुंचे तीन सगे भाई, माता-पिता पर भी तलवार लटकी
इस मामले में मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह उसके सगे भाई केशव व चंद्रशेखर अब जेल पहुंच चुके हैं। जबकि इनके पिता राजेश सिंह व मां किरन देवी पर भी विभिन्न आरोपों में केस दर्ज हैं। ऐसे में अब मां व पिता को भी जेल जाने का खतरा बना हुआ है। इस घटना ने इस पूरे परिवार को सलाखों तक ला दिया है।
सरेंडर के दौरान पुलिस की चूक, हमशक्ल युवकों को पकड़ा
बुधवार को दोपहर करीब एक बजे दोनों आरोपियों के कोर्ट में सरेंडर करने की सूचना पुलिस को समय पर नहीं मिल सकी। जैसे ही सूचना मिली, पुलिस टीम कोर्ट परिसर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने उनके हुलिए से मिलते-जुलते दो युवकों को संदिग्ध समझकर पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस ने उन युवकों को कोर्ट गेट के बाहर से दौड़ाते हुए महाराणा प्रताप चौक तक ले जाकर जीप में बैठा लिया। हालांकि बाद में जब उनकी पहचान स्पष्ट हुई और वे निर्दोष निकले, तो पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। इस पूरे घटनाक्रम के चलते कोर्ट परिसर के आसपास कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और भ्रम की स्थिति बनी रही।
जमानत पर पुलिस की सख्त आपत्ति, नहीं मिली राहत
सरेंडर के साथ ही दोनों आरोपियों की ओर से जमानत अर्जी भी न्यायालय में दाखिल की गई, लेकिन पुलिस ने इसका कड़ा विरोध किया। पुलिस का तर्क था कि आरोपी गंभीर अपराधों में शामिल हैं और उनकी रिहाई से जांच प्रभावित हो सकती है। अदालत ने पुलिस की आपत्ति को संज्ञान में लेते हुए तत्काल जमानत पर कोई राहत नहीं दी और दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
केशव को हत्याकांड में अहम कड़ी मान रही पुलिस
पुलिस अब 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी केशव सिंह को रिमांड पर लेने की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में अर्जी दाखिल की गई है। पुलिस का मानना है कि केशव हत्याकांड का अहम साजिशकर्ता है और उससे पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि दोनों आरोपियों ने न्यायालय में सरेंडर कर दिया है। उनकी जमानत अर्जी पर पुलिस ने आपत्ति दर्ज कराई है। केशव सिंह को रिमांड पर लेने के लिए सीजेएम कोर्ट में आवेदन किया जा रहा है। रिमांड मिलने के बाद उससे एचपीसीएल हत्याकांड समेत अन्य संबंधित मामलों में पूछताछ की जाएगी।