कोतवाली पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर करीब नौ क्विंटल प्रतिबंधित पशुओं का मांस और एक मांस तस्कर को हिरासत में ले लिया, जबकि अन्य तीन लोग भागने में सफल हो गए। पुलिस ने चार लोगों को नामजद करते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मौके से पकड़े गए आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। मांस को डॉक्टरी परीक्षण के बाद नष्ट कर दिया गया।
कोतवाल अशोक कुमार सिंह को गुरुवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि नगर के मोहल्ला पट्टी यकीन मुहम्मद में बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित पशुओं का मांस काटकर तस्करी की जा रही है। कोतवाल ने एसआई अरविंद यादव, हरेंद्र सिंह यादव, कांस्टेबल नेम सिंह, लोकेश, नितिन और सुंदर को मौके पर पहुंचकर मांस तस्करों को पकड़ने के निर्देश दिए। जब पुलिस टीम मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंची, वहां एक मकान में प्रतिबंधित पशुओं का वध कर रहे चार मांस तस्कर पुलिस को आता देख भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर एक मांस तस्कर को दबोच लिया। वहां से करीब नौ क्विंटल प्रतिबंधित पशुओं का मांस, उनके अंग और मांस तथा काटने के उपकरण कब्जे में ले लिए। तीन मांस तस्करों का पीछा करते हुए कांस्टेबल लोकेश और नितिन बाइक फिसल जाने से घायल हो गए। उनको अस्पताल लाया गया।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए मांस तस्कर ने अपना नाम सलीम पुत्र शरीफ निवासी मोहल्ला पट्टा यकीन मोहम्मद और फरार साथियों का नाम असलम, जमील पुत्र गण मेहंदी हसन, मोहम्मद मियां पुत्र असलम निवासी मोहल्ला पट्टी यकीन मुहम्मद बताया। पुलिस तीन आरोपियों की तलाश कर रही है।