जिला अस्पताल के वार्ड में भर्ती मरीज। संवाद
बदायूं। मौसम में बदलाव और बढ़ती गर्मी के चलते जिला अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। हालात यह हैं कि कई वार्ड धीरे-धीरे हाउसफुल होने की स्थिति में पहुंच रहे हैं। अस्पताल प्रशासन अतिरिक्त इंतजाम करने में जुट गया है ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।
जिला अस्पताल प्रशासन के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में बुखार, वायरल संक्रमण और पेट संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ी है। तेज धूप और तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण बच्चों और बुजुर्गों की तबीयत ज्यादा बिगड़ रही है। ओपीडी में भी रोजाना मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
जिला अस्पताल के मेडिसिन, इमरजेंसी वार्ड में बेड तेजी से भर रहे हैं। ऐसे में अब आने वाले मरीजों को जिला अस्पताल प्रशासन ने मरीजों को अन्य वार्ड में भेजना शुरू कर दिया है, ताकि जरूरत के लिए इमरजेंसी वार्ड को खाली रखा जा सके। जिला अस्पताल के वरिष्ठ डॉ. एसएम कमल का कहना है कि गर्मी में लापरवाही भारी पड़ सकती है। लोगों को पर्याप्त पानी पीने, ताजा भोजन करने और तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जा रही है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों की संख्या बढ़ने के बावजूद सभी को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में सीएमएस डॉ. अमित वार्ष्णेय का कहना है मरीज को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।