जिला अस्पताल में पर्चा बनवाने को लगी मरीजों की लाइन। संवाद
बदायूं। दो दिन के अवकाश के बाद सोमवार को जिला अस्पताल खुला तो पर्चा बनवाने के लिए सुबह से ही कतार लग गई। राजकीय मेडिकल कॉलेज और जिला महिला अस्पताल की ओपीडी में काफी भीड़ रही।
मौसम बदलने के साथ ही जिले में सर्दी, जुकाम, बुखार, खांसी और वायरल बुखार के साथ दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। इससे सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। शनिवार और रविवार अवकाश के बाद सोमवार को जिला अस्पताल में 910 नए मरीजों ने पर्चे बनवाए। जिला महिला अस्पताल में 310 महिलाएं और बच्चे पहुंचे। वहीं राजकीय मेडिकल कॉलेज में 1530 मरीजों ने पर्चा बनवाने के बाद दवा ली।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. कप्तान सिंह ने बताया कि दो दिन बाद जिला अस्पताल खुला तो ओपीडी में मरीजों की संख्या ज्यादा रही। इन दिनों वायरल फीवर के साथ सर्दी-सांसी के मरीज भी बढ़ रहे हैं।