बदायूं। बहुचर्चित एचपीसीएल डबल मर्डर केस में नामजद आरोपी अभय प्रताप की जमानत अर्जी जिला न्यायालय में दाखिल की गई है। अदालत ने सुनवाई के लिए तीन जुलाई की तारीख नियत की है। इस सुनवाई पर दोनों पक्षों के साथ जिलेभर की नजरें टिकी हैं।
गौरतलब है कि 12 मार्च 2026 को मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैंजनी स्थित एचपीसीएल के सीबीजी प्लांट में दिनदहाड़े महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता और सहायक महाप्रबंधक हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
विवेचना के दौरान साजिश में शामिल होने के आरोप में अजय प्रताप के चचेरे भाई अभय प्रताप को भी केस में नामजद किया था। पुलिस का आरोप है कि वारदात की साजिश में उसकी भी भूमिका सामने आई थी। विवेचना पूरी होने के बाद न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। फिलहाल, सभी आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में जेल में हैं।
उधर, आरोपी अभय प्रताप ने जमानत के लिए जिला न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। न्यायालय ने सुनवाई के लिए तीन जुलाई की तिथि निर्धारित की है। इधर, सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी जमानत के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उसकी याचिका पर न्यायालय ने 3 जुलाई की तारीख निर्धारित की है।