उझानी में क्षय रोगियों को आहार किट भेंट करते ड्रग निरीक्षक नवनीत यादव। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। केमिस्ट एसोसिएशन ने क्षय रोग उन्मूलन अभियान में सरकारी स्तर के कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करते हुए आठ रोगियों को गोद लिया है। चयनित क्षय रोगियों को एसोसिएशन की ओर से पौष्टिक आहार किट भेंट की गईं। किट में प्रोटीन पाउडर, चना, मूंगफली, सत्तू, मेवा के अलावा ग्लूकोज भी शामिल है। रोगियों को विभागीय स्तर की योजनाओं का लाभ उठाने की सलाह भी दी गई।
औषधि निरीक्षक नवनीत यादव और जिला अस्पताल में क्षय रोग विभाग के अधिकारी संदीप राजपूत की देखरेख में केमिस्ट एसोसिएशन का कार्यक्रम बुधवार दोपहर हुआ। अध्यक्ष अवधेश गोयल समेत पदाधिकारियों में डॉ. मोहित अग्रवाल और शैलेंद्र सिंह ने आठ क्षय रोगियों को गोद लेने के लिए चिह्नित किया। इन क्षय रोगियों को पौष्टिक पोषाहार मुहैया कराने का एलान किया गया। जिन क्षय रोगियों को पौष्टिक आहार किट भेंट की गईं, उन्हें उसके सेवन की विधि भी समझाई गई।
क्षय रोग अधिकारी राजपूत ने बताया कि मरीजों के लिए प्रतिमाह आर्थिक सहयोग उनके बैंक खातों में मुहैया कराया जाता है। किसी कारण से अगर किसी भी क्षय रोगी के एकाउंट में धनराशि नहीं पहुंच रही है तो वह संबंधित स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क कर अपना एकाउंट नंबर और आधार कार्ड अपडेट करा दें। इस मौके पर चिकित्साधिकारी डॉ. आकांक्षा निधि, प्रवीण अग्रवाल, अनीस अहमद, राजीव गोयल, प्रदीप कुमार, राकेश जैन, शकील अहमद, नरेंद्र कुमार, निशांत कुमार आदफि मौजूद थे।