म्याऊ सीएचसी का निरीक्षण करते सीएमओ। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। जिले में रविवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से 48 स्थानों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में 2700 से ज्यादा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ दवाओं का वितरण किया गया। सीएमओ डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय ने मेले का निरीक्षण कर रोगियों से बात की और जरूरी निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मेलों की तैयारी शनिवार को ही पूरी कर ली गई थी। रविवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीमें रवाना हो गईं। स्वास्थ्य मेलों में एक ही स्थान पर जांच और दवाओं की सुविधा मुहैया कराई गई। स्वास्थ्य मेलों में 84 डॉक्टरों और 182 पैरामेडिकल स्टाफ की टीम को लगाया गया। इस दौरान 1236 पुरुषों, 1005 महिलाओं ओर 492 बच्चे स्वास्थ्य मेला में पहुंचे। गोल्डन कार्ड धारक 81 लोगों ने भी स्वास्थ्य मेला में लाभ लिया। मेला स्थल से किसी रोगी को रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ी। सीएमओ डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय ने म्याऊ, बगरैन, उसावां और नेकपुर में निरीक्षण किया।
इधर सीएमओ ने रविवार को म्याऊ सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। यहां उनको प्रसव कक्ष में ताला लगा मिला। नीरज कुमार बैम,राजू यादव पीएमडब्ल्यू, डॉ. नाहिद आजाद, आयुष एमओ, होशियार मियां, संजय कुमार फार्मासिस्ट गैरहाजिर मिले। सीएमओ ने सभी का एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।