जिला अस्पताल की ओपीडी में लगी भीड़। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। जिला अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार को डॉक्टरों की कमी और जिला महिला अस्पताल की ओपीडी में अव्यवस्थाओं के कारण रोगियों को लाइन में लंबा इंतजार करना पड़ा।
जिला अस्पताल की ओपीडी में औसतन एक हजार रोगी रोज पहुंचते हैं। हाल ही में यहां शासन स्तर से एक डॉक्टर की तैनाती के बाद कुछ सुधार हुआ है, व्यवस्थाएं अब भी पटरी पर नहीं आई हैं। शुक्रवार को ओपीडी में भीड़ बढ़ने पर सीएमएस डॉ. विजय बहादुर राम को भी रोगियों को देखना पड़ा। इधर, जिला महिला अस्पताल की ओपीडी में भी भीड़ रही। महिला एवं स्त्री रोग संबंधी बीमारियों के रोगी काफी पहुंचे। इसके साथ ही नवजात को भी बीमारियां घेर रही हैं। महिलाएं नवजात को इलाज के लिए भी महिला अस्पताल ला रहीं हैं। यहां भी उनको इंतजार करना पड़ रहा है। शुक्रवार को बाल रोग विशेषज्ञ कक्ष में नहीं थे। बच्चों को गोद में लिए माताएं उनका इंतजार करती नजर आईं। सीएमएस डॉ. रेखा रानी का कहना है कि ओपीडी में किसी तरह की अव्यवस्था नहीं है। अगर कहीं पर कोई कमी है तो उसे दूर किया जाएगा। संवाद