बदायूं में शुक्रवार को महिला अस्पताल में सीएमएस ऑफिस के बाहर तड़पती युवती। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। जिला महिला अस्पताल में व्यवस्थाएं पटरी पर नहीं आ रहीं। सोमवार को यहां एनएससीयू में ऑक्सीजन खत्म होने के कारण नौ नवजात की जान पर बन आई थी। इसके बाद काफी हल्ला भी हुआ। व्यवस्थाओं में सुधार पर जोर दिया गया, लेकिन शुक्रवार को फिर ऐसी तस्वीर नजर आई जिससे साफ हो गया कि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ है। एक युवती सीएमएस ऑफिस के बाहर फर्श पर काफी देर तड़पती रही।
बिल्सी के गांव सतेती निवासी रमेश की 21 वर्षीय बेटी रचना को पेट में दर्द की शिकायत थी। रचना अपनी मां कमलेश और ताई के साथ दोपहर करीब 12 बजे दवा लेने जिला महिला अस्पताल पहुंची। यहां उसके पेट में फिर से तेज दर्द उठा और वह गश खाकर जमीन पर गिर गई। इसके बाद करीब आधा घंटा तक रचना तड़पती रही। उसके साथ आई मां और ताई मदद की गुहार करते रहे, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। कमलेश इस दौरान दौड़-दौड़ कर डॉक्टरों के पास गईं और बेटी के बारे में बताया। इसके बाद भी न तो स्टाफ से और न ही कोई डॉक्टर अपने केबिन से बाहर निकला। रचना को कमलेश और उसकी ताई बेहोशी की हालत में डॉक्टर के पास लेकर पहुंचीं। पूछने पर सीएमएस डॉ. रेखा रानी ने बताया कि इस प्रकरण की जानकारी नहीं है। पता कराएंगे। संवाद