बदायूं। जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। डेंगू का डंक अब जिला जेल में भी पहुंच गया है। जेल में करीब 15 कैदी और बंदी बुखार की चपेट में हैं। बुधवार को जांच के दौरान एक बंदी को डेंगू की पुष्टि हुई है। शहर में चार डेंगू के नए रोगी मिले हैं। बुधवार को डेंगू के एक दिन में कुल सात रोगी मिले हैं।
डेंगू के रोगियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अब तक तो जिला अस्पताल परिसर में ही डेंगू के रोगी मिल रहे थे अब जिला जेल में भी रोगी मिलने लगे हैं। बुधवार को शहर के नेकपुर, लोची नगला, चौधरी सराय और जिला जेल में डेंगू का एक-एक रोगी मिला है। इसके अलावा शेखूपुर, उघैती और दातागंज के डहरपुर में भी एक-एक रोगी मिला है। इन सभी को एलाइजा टेस्ट के जरिए डेंगू की पुष्टि हुई है। तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर बुखार पीड़ितों की जांच के दौरान मलेरिया के 11 और फैल्सीपेरम के दो नए रोगी भी मिले हैं। सीएमओ डॉ. विक्रम सिंह पुंडीर का कहना है कि पिछले साल के मुकाबले हालात सामान्य हैं। किसी रोगी की हालत गंभीर नहीं हैं। संवाद