बदायूं। जिले में फैला बुखार थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। अब भी सैकड़ों लोग पीड़ित हैं। कई दिन से बुखार से जूझ रहे एक शिक्षामित्र समेत दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई
दहगवां। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर मौसमपुर निवासी किशोरीलाल (50) पुत्र नेतराम अपने गांव के प्राथमिक स्कूल में शिक्षामित्र थे। उन्हें दस दिन पहले बुखार आया था। अब तक परिवार वाले नजदीकी डॉक्टर से उनका इलाज करा रहे थे। बुधवार को उनकी ज्यादा हालत खराब हो गई। इससे परिवार वाले उन्हें बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कुंवरगांव। सालारपुर ब्लॉक क्षेत्र ग्राम फकीराबाद निवासी शिवसहाय (62) को दो दिन पहले बुखार आया था। इससे परिवार वाले उन्हें बदायूं के एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां ले गए और उन्हें भर्ती करा दिया। बुधवार देर रात शिवसहाय ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बताते हैं कि बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की एक टीम भी गांव आई थी। इसके बावजूद शिवसहाय को दवा नहीं दी गई।
जिला अस्पताल परिसर बना तालाब, पनप रहे मच्छर
बदायूं। जिला अस्पताल परिसर में स्थित एक जगह जलभराव होने से वहां तालाब बन गया है। यहां काफी मच्छर पनप रहे हैं। इससे परिसर में रह रहे कर्मचारियों का बुरा हाल है। बताते हैं कि इस जगह पर काफी बड़ा गड्ढा है। इसमें यहां हर समय पानी भरा रहता है। आज तक अस्पताल प्रशासन ने पानी निकालने या जगह को पटवाने के बारे में कभी विचार नहीं किया। इससे गड्ढे के आसपास भी गंदगी फैल गई है। कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। पानी के ऊपर काई जम गई। मच्छरों से बचने के लिए कर्मचारियों ने अपने-अपने घरों के दरवाजों पर जाली तो लगवा दी है लेकिन अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके तीमारदार परेशान हैं।