उझानी में खेलकूद विजेताओं के साथ मुख्य अतिथि उमेश राठौर। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज के मैदान पर चले रहे प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के ब्लॉक स्तरीय खेलकूद समारोह का दूसरे दिन समापन हो गया। न्याय पंचायत स्तर पर हजरतगंज को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया। विजेता छात्र और छात्राओं को जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष उमेश राठौर ने मेडल देकर पुरस्कृत किया।
ब्लॉक स्तरीय खेलकूद के तहत दूसरे दिन मंगलवार पूर्वाह्न खंड शिक्षाधिकारी शशांक शुक्ला ने प्राथमिक बालक वर्ग की लंबी कूद शुरू कराई। इसमें रीतेश प्रथम और रामवीर द्वितीय, बालिका वर्ग में प्रभा प्रथम और अनम द्वितीय रहे। खो खो में बालिकाओं की साधना की टीम ने प्रथम और राशि की अगुवाई वाली टीम द्वितीय रही।
कबड्डी में बसोमा की टीम प्रथम और हजरतगंज की टीम को द्वितीय स्थान मिला। उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बालक वर्ग की लंबी कूद में सर्वेंद्र प्रथम, अनूप द्वितीय, बालिकाओं में प्रेमकली प्रथम और अंजली ने द्वितीय स्थान पाया। बालिका वर्ग की कबड्डी में काजल की टीम अव्वल रही। सोनम की टीम को दूसरा स्थान मिला। खो खो में सरोज की टीम प्रथम और खुशी ने द्वितीय स्थान पाया।
दो दिवसीय खेलकूद में हजरतगंज न्याय पंचायत को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया। दहेमू न्याय पंचायत उप विजेता रहा। समापन पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष उमेश राठौर ने विजेता टीमों समेत खिलाड़ियों को मेडल देकर पुरस्कृत किया। उन्होंने बच्चों को आने वाले दिनों में भी बेहतर प्रदर्शन करने की सलाह दी। कहा कि खेलकूद से चमकने का मौका मिलता है। निर्णायक मंडल में अरविंद दीक्षित, रामकिशोर पाल और मुकेश कुमार रहे। व्यवस्थाओं में परमवीर सिंह, संतोष उपाध्याय, ललित वार्ष्णेय, शीतल यादव, लव कुमार, कुमकुम पांडेय, नरदेव शर्मा, शिवेंद्र, सुनील कुमार, निखिल जैन और प्रवीण सक्सेना का सहयोग रहा।